बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दलित महिला को अगवा कर गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि जब महिला शिकायत करने के लिए जिला मुख्यालय आ रही थी तो दबंगों ने उसे रोक लिया और 50 हजार रुपये लेकर फैसला करने का दबाव बनाया।
दबंगों ने पुलिस से शिकायत करने पर महिला को जान से मारने की भी धमकी दी है। उधर, पुलिस ने घटना की जानकारी से मना किया है। मिली जानकारी के मुताबिक गांव निवासी एक दलित महिला सोमवार शाम जंगल में लकड़ी बीनने जा रही थी।
इसी दौरान रास्ते से गांव के ही चार दबंगों ने महिला को अगवा कर लिया और गांव के पास से निकल रही नहर पर ले गए। आरोप है कि यहां दबंगों ने उससे गैंगरेप किया। जब महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की।
किसी प्रकार महिला युवकों के चंगुल से छूटकर घर आई और परिजनों को आपबीती बताई। मंगलवार सुबह परिजन महिला के साथ जिला मुख्यालय पर शिकायत करने जा रहे थी तभी गांव के दबंगों ने ग्रामीणों की मदद से परिजनों को गांव के बाहर ही रोक लिया।
दबंगों 50 हजार रुपये लेकर समझौते का दबाव बनाया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर महिला के परिजन डर गए और बिना शिकायत किए ही गांव लौट गए।
मामले में एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। थाने पर कोई शिकायत करने के लिए नहीं आया है। यदि कोई तहरीर लेकर आएगा तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।