मुंडाली थाना क्षेत्र के अटौला गांव से अपह्त हुई युवती की तलाश में बाबूगढ़ और मेरठ पुलिस की संयुक्त टीम ने रातभर मतनौरा और उसके आसपास के जंगलों में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि पुलिस को कार और उसमें से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार अटौला गांव निवासी सुंदर पाल की पुत्री रेखा शुक्रवार शाम घर से नल पर पानी लेने के लिए गई थी। तभी सैंट्रो कार सवार चार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो कार की लोकेशन बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मतनौरा गांव में ट्रेस की गई।
इस मामले में मेरठ के एसएसपी डीसी दूबे ने हापुड़ पुलिस को अलर्ट किया और सीओ के साथ वह भी मतनौरा के जंगल में पहुंचे। उधर, सीओ बाबूगढ़ शैलेंद्र राठौर और थानाध्यक्ष बाबूगढ़ विजय बहादुर भी मेरठ पुलिस की मदद के लिये वहां पहुंच गए थे। दोनों जिलों की पुलिस ने कई घंटे तक कांबिंग की।
इस दौरान कार तो मौके से बरामद हो गई। लेकिन युवती का कुछ पता नहीं लग सका था। बाबूगढ़ एसओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कार और उसमें से एक मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया है। लेकिन युवती की तलाश में मतनौरा और उसके आसपास के जंगलों को छाना गया। लेकिन युवती का कुछ पता नहीं लग सका।