चोरी करने घुसे युवक को लोगों ने दबोचा
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजीव विहार में बंद मकान में चोरी करने घुसे एक युवक को लोगों ने दबोच कर पीटा। उसके दो साथी बाइक छोड़कर फरार हो गए।
बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला राजीव विहार निवासी ललित सोमवार की रात को घर का ताला लगाकर अपने भांजे के जन्मदिन पार्टी में पिलखुवा गया था। रात में करीब तीन बजे किसी ने ललित के मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर दिया।
ललित के पड़ोसी ने रात में देखा कि ललित के घर में लाइट जल रही है। उसे पता था कि ललित पिलखुवा गया है। इस पर तुरंत उसने आसपास के लोगों को फोन पर सूचना दी। इस सूचना पर काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और मकान की घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ कर जमकर धुनाई कर दी।
जबकि दो युवक मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस पकड़े गए युवक को गिरफ्तार कर बाइक को कब्जे में ले लिया। आरोपी ने मकान से जो समान चोरी किया था उसे भी पुलिस ने मौके से बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मजीदपुरा निवासी शहनवाज है।