ईबीएस कर्मी के घर दो दिन पहले हुई थी चोरी
- फोटो : अमर उजाला
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अश्वीय प्रजनन केंद्र (ईबीएस) में तैनात कर्मचारी के बंद मकान से दो दिन पहले हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने ईबीएस में ही संविदा पर तैनात एक कर्मचारी को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया है।
एसपी अलंकृता सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि दो दिन पहले ईबीएस में सईस पद पर तैनात सुंदर रिश्तेदारी में गया था। चोर मकान का ताला तोड़कर नगदी व जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये का माल उठा ले गए थे।
रविवार रात बाबूगढ़ एसओ विजय बहादुर सिंह फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। तभी सूचना मिली कि ईबीएस में चोरी करने वाला युवक कैंट परिसर में ही एक क्वार्टर में रह रहा है। पुलिस ने दबिश देकर युवक को हिरासत में ले लिया।
पकड़ा गया युवक मूल रूप से धौलाना थाना क्षेत्र के बड़ा मोहल्ला निवासी संजय पुत्र कमल सिंह वाल्मीकि है। उसके पिता ईबीएस में सईस के पद पर तैनात है। वह भी ईबीएस में संविदा पर है। पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना स्वीकार की।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने चोरी के माल को गांव बछलौता में अपने नाना कनेरी सिंह के यहां रख दिया है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन जोड़ी पाजेब, मंगलसूत्र, कमरबंद, टैबलेट, हाथ की चार जोड़ी चूडियां, दो झुमकी, 12 जोड़ी बिछुए, बच्चों के चांदी के कड़े, चांदी के सिक्के और दस के नोट की एक गड्डी बरामद की।