तीन दिन पूर्व मोदीनगर रोड के एक मोहल्ले में मूक बधिर बच्ची के साथ रेप की सूचना के मामले में नया मोड़ आ गया है। बच्ची के मामा ने उसके सौतेले पिता पर अपने भांजे से रेप कराने का आरोप लगाया है।
साथ ही पुलिस पर समझौता कराने का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार एक मोहल्ले में दो जनवरी को घर में खेल रही एक मूक-बधिर बच्ची के साथ उसके ही फुफेरे भाई द्वारा रेप करने की सूचना मिली थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची व आरोपी किशोर को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा था। पुलिस के अनुसार मेडिकल में रेप की पुष्टि नहीं हुई थी। वहीं, थाने पहुंचे बच्ची के पिता और अन्य परिजनों ने बच्ची को गिरकर चोट लगने की बात कही थी।
पुलिस के सामने मामले में समझौता हो गया था। बृहस्पतिवार को बच्ची के मामा व अन्य परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायत देते हुए बताया कि बच्ची के सौतेल पिता ने अपने भांजे के साथ मिलकर उससे रेप कराया है।
समाज में इज्जत की दुहाई देकर मामले को रफादफा करा दिया। उन्होंने बताया कि बच्ची और उनकी बहन दोनों मूक-बधिर हैं, दोनों को सौतेला पिता जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामा ने पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि बच्ची के मामा की शिकायत मिली है। रेप के आरोपों को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई है।