प्रीत विहार फेस में 28 मई की रात रोलर ड्राइवर की हत्या उसके सगे ताऊ के लड़के ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। आरोपी भाई सेना का जवान है और भुज में तैनात है। दोनों के परिवारों में गांव में हुए बीडीसी चुनाव और जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और कार बरामद कर लिए हैं। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के गांव हेतलपुर निवासी रिंकू पुत्र सोमदत्त का गोली लगा शव हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के प्रीत विहार में 28 मई को मिला था।
उसको सिर और कनपटी पर सटाकर दो गोलियां मारी गई थी। पुलिस अधीक्षक अलंकृता सिंह ने बताया कि तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था।
एसएचओ कोतवाली वीरेंद्र सिंह यादव को सूचना मिली कि रिंकू हत्याकांड के दो आरोपी विचित्र कुमार सिंह और उसका दोस्त विमल दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार आवासीय योजना के पास खड़े हैं।
विचित्र कुमार मृतक रिंकू के ताऊ का लड़का है, जबकि विमल उसका दोस्त है और दिल्ली में दर्जी का काम करता है। विचित्र कुमार सेना में लाइट एयर डिफेंस में चालक के पद पर गुजरात के भुज में तैनात है।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने रिंकू की हत्या करना स्वीकार कर लिया। रिंकू और विचित्र कुमार के परिवारों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
विचित्र कुमार सिंह ने बताया कि मेरे बड़े भाई स्व.राजकुमार की पत्नी गीता और रिंकू के पिता सोमदत्त ने बीडीसी का चुनाव लड़ा था। जिसमें सोमदत्त जीत गए थे। चुनाव जीतने के बाद रिंकू ने ताऊ के पुत्र विचित्र कुमार और उसके पिता को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
एसपी ने बताया कि 27 मई को विचित्र कुमार अपने दिल्ली निवासी विमल के साथ कार से हापुड़ आया। विमल ने रिंकू को फोन कर बुलाया और प्रीत विहार में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
विमल कुमार भी रिंकू से परिचित था, क्योंकि उसकी ननिहाल टप्पल के हैतलपुर गांव में ही है। एसपी ने बताया कि उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और स्कारपियो कार बरामद की गई है।
फौजी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने के लिये अलीगढ़ के एसएसपी को पत्राचार किया जा रहा है। गुडवर्क करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम दिया जा रहा है।