थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापुरी में डेयरी पर दूध लेने आए एक युवक पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में युवक बाल-बाल बच गया। लोगों के शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। सूचना पर काफी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला पन्नापुरी निवासी अंकुर के एक परिचित का कुछ दिन पूर्व किसी बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया था। अंकुर ने अपने परिचित की पुलिस कार्रवाई में मदद की थी, जिससे आरोपी युवक खिन्न रहने लगे।
आरोपियों ने अंकुर को जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार शाम अंकुर दूध लेने के लिए मोहल्ले में ही एक डेयरी पर आया हुआ था, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे। युवकों ने अंकुर से अभद्रता करते हुए उस पर फायरिंग कर दी।
गोली चलने पर मोहलले में अफरा तफरी मच गई। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
वहीं, थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।