बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नेकनामपुर नानई निवासी एक व्यक्ति ने जिले के एक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों पर धोखाधड़ी व झूठे बोलकर गुर्दा प्रत्यारोपण के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
शनिवार को पीड़ित ने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। डीएम आफिस पर दिये शिकायती पत्र में नेकनामपुर नानई निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उसके भाई सुरेश चौहान के गुर्दे खराब हो गए हैं।
दो माह पूर्व जिले के एक मेडिकल कॉलेज में तैनात चिकित्सक अपने दो-तीन साथियों के साथ घर आया और गुर्दा प्रत्यारोपण करने की बात कही। गुर्दा प्रत्यारोपण में चिकित्सक ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये का खर्चा भी बताया था।
चिकित्सक के झांसे में आकर उसने अपने भाई को उक्त मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराते हुए करीब 1.05 लाख रुपये नकद भी जमा करा दिए। रुपया जमा करने के बाद उसके भाई का गुर्दा प्रत्यारोपण नहीं किया
और यह कहकर मेडिकल कॉलेज से भेज दिया गया कि जब जरूरत होगी तो सूचना देकर उन्हें बुला लिया जाएगा। काफी समय तक भी जब मेडिकल कॉलेज से फोन नहीं आया तो उन्होंने अपने भाई को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया है।
अब वह अपने रुपये वापस मांग रहा है तो उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।