चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए खुफिया विभाग सतर्क हो गया है। खुफिया रिपोर्ट पर अधिकारी तुरंत एक्शन करने को तैयार हैं। इसके साथ ही जिले में वीआईपी नेताओं के आवागमन पर कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। इसके लिए जिले में देवरिया से एक एंटी सैबोटाज टीम आएगी।
11 फरवरी को जिले की तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है। खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मिश्रित आबादी वाले तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगाह रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
छोटी से लेकर बड़ी सूचनाओं को एकत्र किया जा रहा है। चुनाव आते ही सभाओं का दौर भी शुरू हो गया है। सभाओं व रैलियों में शामिल होने के लिए विभिन्न पार्टियों के प्रमुख नेता भी हापुड़ आएंगे। वीआईपी की सुरक्षा को लेकर भी इंटेलीजेंस तैयार हो गया है।
देवरिया से आत्मघाती दस्ते से निपटने के लिए एक एंटी सैबोटाज टीम (एएस) हापुड़ जिले को मिली है। जिसमें एक उपनिरीक्षक व चार कांस्टेबिल होंगे। जिसका प्रमुख कार्य रैली स्थल की सुरक्षा व्यवस्था परखना होगा। विभिन्न प्रकार के आधुनिक उपकरणों से लैस अधिकारी जिले में जल्द पहुंच जाएंगे।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि सुरक्षा को लेकर खुफिया विभाग को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही जिले को एएस टीम मिली है। सुरक्षा में कोई चूक नहीं होने दी जाएगी।