पुरानी चुंगी पर शनिवार दोपहर बच्चों के विवाद में बड़े भिड़ गए। एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़, पथराव और लूटपाट के बाद फायरिंग कर दी। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों को हिरासत में लिया है। मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
पुरानी चुंगी पर सपा नेता हाजी याद इलाही कुरैशी के छोटे भाई हाजी असलम परिवार के साथ रहते हैं।
शनिवार दोपहर उनका छह वर्षीय पोता सोहले का ईदगाह रोड पर रहने वाले हाजी मुस्तकीम के घर के बच्चों से कुछ कहासुनी हो गई। याद इलाही कुरैशी ने पोते को डांटते हुए घर भेज दिया।
तभी हाजी मुस्तकीम पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हाजी असलम के घर पर धावा बोल दिया। राइफल, चाकू, छुरे लेकर पहुंचे लोगों ने कमरे में तोड़फोड़ की। घर में मौजूद अरशद, इरफान से मारपीट कर दी। जिसमें दोनों लहूलुहान हो गए। उनका चिल्लाना सुनकर हाजी असलम की पत्नी इसरत आई तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके कुंडल लूट लिए और पथराव कर दिया। लोगों को आता देखकर आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए निकल भागे।
सूचना पर सीओ सिटी विशाल यादव, एसएचओ राजेंद्र सिंह यादव मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने दोनों पक्षों के घरों पर दबिश देकर आठ लोगों को हिरासत में ले लिया और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा।