इलाहाबाद हाईवे पर शनिवार को पूराकलंदर थाना क्षेत्र में भरतकुंड के पास एक रोडवेज बस और बाइक से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार शिक्षिका की मौत हो गई जबकि उसका पति घायल हो गए।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली बस को कब्जे में लिया है। मूल रूप से बीकापुर के आजाद नगर निवासी अशोक कुमार पांडेय मुख्यालय पर रहकर कलेक्ट्रेट में दस्तावेज लेखन का काम करते हैं।
जबकि उनकी पत्नी उर्मिला पांडेय बीकापुर के जूनियर हाईस्कूल नरोत्तमपुर में बतौर प्रधानाध्यापिका तैनात हैं। अशोक कुमार ने सुबह अपनी पत्नी को बाइक से स्कूल पहुंचाया था।
बाल दिवस के कार्यक्रम के बाद उर्मिला ने अपने पति को फोन कर अयोध्या हनुमानगढ़ी दर्शन करने की बात कही तो उनके पति बाइक लेकर स्कूल पहुंच गये।
वहां से दोनों बाइक पर सवार होकर भरतकुंड के रास्ते अयोध्या पहुंचे और हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद वापस बीकापुर जा रहे थे।
इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे जैसे ही बाइक के साथ अशोक इलाहाबाद हाईवे पर भरतकुंड स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, उसी दौरान पंप से तेल भरवाकर दो-तीन वाहन तेजी से सड़क पर आये।
जिसके चलते अशोक की बाइक अनियंत्रित हो गई और सुलतानपुर से फैजाबाद आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस में जा टकराई।
दुर्घटना में बाइक चला रहे अशोक छिटककर दूर जा गिरे जबकि उनकी पत्नी उर्मिला बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल शिक्षिका और उनके पति को जिला अस्पताल भिजवाया। बस चालक मौके से भाग निकला। उधर जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने शिक्षिका उर्मिला (45) को मृत घोषित कर दिया।
वहीं उनके पति अशोक (48) को परिचितों ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पूराकलंदर एसओ सुभाषचंद्र सरोज ने बताया कि दुर्घटना करने वाली बस को कब्जे में ले लिया गया है।
उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट दर्ज करवाकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।