कोतवाली क्षेत्र की मोदीनगर रोड स्थित आदर्श नगर कालोनी में मामूली कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। लाठियां चलने और पथराव से जीजा-साले सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराकर विवाद की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी निवासी जगवीर सिंह का पड़ोस में रहने बिजेंद्र से मंगलवार को किसी बात पर विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठियां लेकर आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इसमें जगवीर, उसका साला थाना इंचौली मेरठ निवासी पवन कुमार और बिजेंद्र की पत्नी माया घायल हो गए। शोर होने पर संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
लोगों ने ढगड़े की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।