बुलंदशहर के कस्बा स्याना से लौट रहे दो दोस्तों की कार को ओवरटेक कर बाइक सवार बदमाश हजारों की नगदी समेत तीन मोबाइल लूटकर ले गए। बदमाशों से बचकर भागने के प्रयास में कार एक विद्युत पोल से टकरा गई, जिसमें कार सवार बाल-बाल बच गए।
लोनी के जवाहरगंज निवासी अंकित चौहान अपने दोस्त चिंकी शर्मा के साथ बुलंदशहर के स्याना कस्बे में गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान सोमवार रात करीब 9 बजे उनकी कार गांव अल्लीपुर के जंगल में पहुंची।
लूटपाट के मकसद से घूम रहे बाइकर्स ने ओवरटेक कर कार को रोक लिया। कार रुकते ही बाइकर्स दोनों दोस्तों को गन प्वाइंट पर लेने की कोशिश करने लगे। यह देखकर अंकित चौहान ने कार को दौड़ा दिया,
जिससे संतुलन बिगड़ने पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे विद्युत पोल से जा टकराई। मौका मिलते ही बाइकर्स ने दोनों दोस्तों को कब्जे में कर लिया और चार हजार रुपये समेत 3 मोबाइल लूट लिए।
लूट का विरोध करने पर बाइकर्स ने तमंचों की बट से हमला कर अंकित और चिंकी को घायल कर दिया। जिस दौरान कार खंभे से टकराई सप्लाई चालू थी, भाग्यवश कोई अनहोनी नहीं हुई। ग्रामीणों से फाल्ट की जानकारी मिलने पर सप्लाई रुकवाई गई।
एसओ आरके शर्मा का कहना है कि लूटपाट की बात संदिग्ध है। संतुलन बिगड़ने पर कार बिजली के खंभे से टकरा गई थी। जिससे खंभा टूटने पर बिजली कर्मियों ने कार सवारों को दबोच लिया और थाने को ले आए थे। दोनों पक्षों में समझौता होने पर कार्रवाई के बिना विवाद निपट गया था।
भाई दूज पर पत्नी को लेकर ससुराल जा रहे बाइक सवार से बदमाशों ने कुंडल और नगदी लूट ली। सोमवार शाम करीब 8 बजे मेरठ निवासी मुनेंद्र अपनी पत्नी आशा को लेकर बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में ससुराल जा रहा था।
गढ़-स्याना रोड पर कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली और फिर दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर कुंडल, मोबाइल और 9 हजार की रकम लूट ली।
लूट का विराध करने पर गोली मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए। पीड़ित दंपति ने थाने में पहुंचकर लूट की सूचना दी। पुलिस घटना से इंकार कर रही है।