कलक्ट्रेट में गैंगरेप पीड़िता ने की आत्मदाह की कोशिश
हापुड़। गैंगरेप के आरोपी पति व देवर पर कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध महिला ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। गनीमत रही कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीड़िता के हाथ से केन छीन लिया, जिससे बड़ी घटना टल गई। इस दौरान कलक्ट्रेट में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
देहात क्षेत्र के गांव निवासी महिला का निकाह करीब 12 साल पहले देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति से हुई थी। शादी के बाद उसने पांच बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद अनबन होने पर वह मायके आकर रहने लगी जबकि बच्चों को पति अपने साथ ले गया।
आरोप है कि 24 अक्तूबर को महिला अपने बच्चों से मिलने के लिए ससुराल आई थी। आरोप है कि पति व देवर ने उसे घर छोड़ने की बात कहते हुए कार में बैठा लिया। बाबूगढ़ छावनी जाने के बाद आरोपियों ने उसे नशीला खाद्य पदार्थ खिलाकर गैंगरेप किया। फिर उसे गला दबाकर मारने की कोशिश की। आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी उसे मृत समझकर सिंभावली के पास फेंककर भाग गए। 25 अक्तूबर को सुबह होश आया तो पीड़िता ने सिंभावली पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। सोमवार को महिला पुरानी कलक्ट्रेट पहुंची और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्मदाह की कोशिश की। इस दौरान कार्यालय पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला के हाथ से पेट्रोल की केन छीन ली, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।
अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह का कहना है कि सिंभावली थाना पुलिस को इस संबंध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।