संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के आह्वान पर ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात सफाई कर्मचारियों ने ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध जताया। इस संबंध में उन्होंने पंचायती राज विभाग के निर्देशक को संबोधित ज्ञापन डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह को सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई है।
संघ के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि पंचायती राज विभाग के निर्देशक ने सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों को पत्र भेजकर सफाई कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। लेकिन सफाई कर्मचारियों की तैनाती प्रत्येक राजस्व ग्राम में है, जबकि एक ग्राम पंचायत में एक से अधिक राजस्व ग्राम भी शामिल है।
ऐसे में सफाई कर्मचारियों को कर्मचारियों को ग्राम पंचायत घर पर जाकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी होगी। केवल सफाई कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना द्वेषभावना व अन्यायपूर्ण होगा। संघ इस निर्देश का विरोध करता है, शासन को जल्द इस फैसले को वापस लेना चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में बिजेंद्र बाल्मीकि, सतीश कुमार, मनोज कुमार, देशराज, मुकेश, राजीव, डालचंद, नईम, रमेश यादव, ममता, सोनम, मिथलेश, संजय आदि मौजूद रहे।