हापुड़। नगर पालिका सभागार में शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ और हाथापाई तक की नौबत आ गई। सभासदों के विरोध और हंगामे के बीच 17 करोड़ रुपये से अधिक के 55 प्रस्तावों पर मुहर लगी। सफाई, पानी व्यवस्था व कुत्ते, बंदरों को पकड़ने को लेकर जमकर शोर शराबा हुआ। रामलीला मैदान में लगने वाली साप्ताहिक पैंठ को भी कुछ सभासदों के विरोध के बाद कोठी गेट पर लगने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई। हंगामे के कारण विधायक, पालिकाध्यक्ष व नगर पालिका अधिकारी सभासदों की समस्याएं सुने बिना ही बैठक छोड़कर चले गए।
नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य, पेयजल, सफाई व्यवस्था, पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने, विभिन्न वार्डों में नाली, इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कराने, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने के लिए गाड़ियों की मरम्मत और नए वाहनों को खरीदने सहित कुल 55 प्रस्ताव रखे गए।
विज्ञापन
इनमें से अधिकतर प्रस्ताव बिना विरोध के सर्वसम्मति से पास हो गए। लेकिन सफाई ठेका, आउटसोर्सिंग कर्मचारी ठेका सहित कई बिंदुओं को लेकर सभासद विकास दयाल, रिजवान कुरैशी, नितिन पाराशर, भारती, संध्या, सुनीता पेयजल व्यवस्था पर सभासद सुनीता वर्मा ने कहा कि शहर की पेयजल व्यवस्था खराब है, लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। इसका समाधान किया जाना चाहिए।
अमित उर्फ मोनू बजरंग ने कहा कि शहर में कुत्ते, बंदरों का आतंक चरम पर है, ऐेसे में नगर पालिका इनसे निजात दिलाने के लिए कार्य करे। इसके अलावा उन्होंने पुलिया के नीचे सफाई के लिए जैटिंग मशीन, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने व चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति लगवाने की मांग की। बैठक में विकास दयाल ने चतुर्थ श्रेणी व सफाई कर्मचारी को समय पर ठंडी व गर्मी वर्दी दिलाने की मांग रखी। रुद्राक्ष त्यागी ने पार्कों की देखरेख के लिए मालियों की व्यवस्था करने की मांग की। नदीम जड़ौदिया ने कहा कि पालिकाध्यक्ष के आदेश के बाद भी उनके वार्ड में श्मशान घाट के पास से गंदगी का ढेर नहीं हट सका है, लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी सफाई व्यवस्था चौपट है।
विधायक विजयपाल आढ़ती ने भी अवगत कराया कि शहर में पेयजल व्यवस्था की स्थिति खराब है। इसे जल्द सुचारू कराया जाए। इसके साथ ही शहर में आवारा कुत्तों व बंदरों का आतंक बढ़ रहा है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए जल्द कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। एसडीएम/ईओ मनोज सिंह ने बताया कि इसके लिए दो बार टेंडर निकाला गया लेकिन, कोई आवेदन नहीं आया। जल्द ही टेंडर निकालकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। इसके साथ ही सभासदों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समस्या लिखकर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था को लेकर गर्म हुआ माहौल
शहर की चौपट सफाई व्यवस्था को लेकर बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ। सभासद विकास दयाल, नितिन पाराशर, संध्या, मुशीर, नदीम सहित अनेक सभासदों ने कहा कि सफाई ठेका समाप्त हो चुका है, जिसे बार-बार बढ़ाया जा रहा है। प्रत्येक माह लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी शहर में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नियमों के खिलाफ एक ही फर्म को पिछले कई वर्षों से ठेका दिया जा रहा है, जबकि नियम के अनुसार ठेका दिया जाए तो सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो सकेगी। इस मामले में सभासद फिरोज मलिक और मुशीर आमने सामने आ गए, जिसके बाद अन्य सभासदों ने मामला शांत कराया। विधायक विजयपाल आढ़ती ने भी नगर पालिका अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कोठी गेट पर लगेगी साप्ताहिक पैंठ
बोर्ड बैठक में रामलीला मैदान में लगने वाली साप्ताहिक पैंठ को कोठी गेट या फ्रीगंज रोड पर लगाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसके बाद हंगामे के बीच कोठी गेट पर पैंठ लगाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। सभासद शशांक गुप्ता, नितिन पाराशर, आदित्य सूद सहित अन्य सभासदों ने इसका विरोध कर जमकर हंगामा किया। लेकिन प्रस्ताव के पक्ष में सभासदों की संख्या अधिक होने पर प्रस्ताव पास कर दिया गया। विधायक विजयपाल आढ़ती ने भी इस प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई।
बोर्ड बैठक की शुरूआत में सभासदों ने अपने वार्डों की समस्या रखने की मांग की लेकिन, विधायक विजयपाल आढ़ती और नगर पालिका अधिकारियों ने प्रस्तावों के बाद समस्या सुनने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभासदों ने उनकी बात मान ली। लेकिन प्रस्ताव पास होने के बाद सभासदों ने अपनी समस्या रखने का प्रयास किया तो विधायक विजयपाल आढ़ती, पालिकाध्यक्ष पुष्पा सिंह, एसडीएम/ईओ मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी समस्या सुने बिना ही चले गए। सभासदों का कहना है कि आश्वासन के बाद भी उनकी समस्या को न सुनना बोर्ड बैठक का अपमान है।