गढ़मुक्तेश्वर। क्रिकेट की प्रैक्टिस के दौरान गर्दन में गेंद लगने से नानपुर गांव निवासी 17 वर्षीय सुहैल की मौत होने पर परिजनों को विश्वास नहीं हो रहा है। पिता रियाजुद्दीन का तो रो-रोकर बुरा हाल है। वह सदमे में हैं, बार-बार कह रहे हैं कि बेटा क्रिकेट खेलकर आता होगा। उसके पिता की हालत को देखकर परिवार के सभी लोग भी परेशान हैं। वहीं सुहैल का परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही दफीना कर दिया है।
रिजयाजुद्दीन का बेटा सुहैल अली गढ़मुक्तेश्वर स्थित एक क्रिकेट अकादमी में अभ्यास करता था। रोजमर्रा के भांति मंगलवार की दोपहर वह स्कूल से आने के बाद अकादमी में अभ्यास करने के लिए पहुंच गया। जहां बल्लेबाजी करने के दौरान गर्दन में गेंद लगने पर बेहोश होकर गिर गया। जिसे तुरंत ही स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सुहैल की मौत की जानकारी मिलने पर साथी खिलाड़ियों, कोच समेत परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। बिना पुलिस कार्रवाई के उसका गांव में ही दफीना कर दिया गया। बुधवार को मृतक के पिता की हालत को देखकर सभी की आंखों से भी आंसू बहने लगे। रियाजुद्दीन का कहना था कि उसका बेटा स्कूल गया है और अब वह क्रिकेट खेलने के लिए जाएगा, उसका बैट और किट को बाहर लाकर रख दो।
-होनहार बल्लेबाज था सुहैल
किक्रेट अकादमी के कोच का कहना है कि सुहैल एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर था। जो बेहतरीन बल्लेबाजी करने के साथ ही उम्दा क्षेत्ररक्षक भी था। हादसे में सुहैल की मौत से सभी काफी परेशान हैं।