बिवांर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के पाटनपुर गांव में मजदूर युवक का शव दोस्त के घर में भूसे की कोठरी में फंदे से लटका मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पाटनपुर निवासी सनोज (30) का शव पड़ोसी बच्चा के भूसे की कोठरी में मिला है। बच्चा ने बताया कि मंगलवार की सुबह चार बजे जब वह मवेशियों के लिए भूसा लेने गया तो देखा सनोज फंदे से लटक रहा था, उसने इसकी सूचना परिजनों को दी। मृतक के भाई सियाराम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सियाराम ने बताया कि मृतक की पत्नी करीब दो साल से मायके से नहीं आई है। उसके दो बच्चियां हैं। गांव में चर्चा है कि कुछ दिन पहले मृतक का किसी से विवाद हुआ लेकिन पुलिस ने इसी के खिलाफ कार्रवाई कर दी जिससे अवसाद में आकर उसने आत्महत्या कर ली है।
एसआई हरनारायण ने बताया कि मृतक सनोज व बच्चा में मित्रता थी, मृतक के शव में कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। शायद पत्नी के मायके से न आने के चलते उसने ऐसा कदम उठाया है। लेकिन मित्र के घर में आत्महत्या करना सवाल खड़े करता है।