राठ। जल निगम की टंकी से होने वाली पेयजल आपूर्ति एक माह से बाधित है। जिससे ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। वहीं राठ के चौपरा रोड पर जल संस्थान की पाइपलाइन बीते छह माह से सूखी पड़ी है। क्षेत्र के छिबौली गांव निवासी मदनमोहन त्रिपाठी, कौशल कुमार, परमलाल, इंद्रपाल, विपिन, राममिलन, रविंद्र कुमार, अशोक कुमार, लक्ष्मण लाल, रामकुमार आदि ने बताया करीब एक माह से आधे गांव में नलों में पानी नहीं आ रहा है।
जिससे पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया गांव में वर्षों पूर्व टंकी बनी थी। जो रिबोर न होने से शोपीस साबित हो रही है। पड़ोसी गांव परछा से उनके गांव में पानी की आपूर्ति की जाती है। फिर भी उनके घरों में करीब एक माह से पानी नहीं आ रहा है। वहीं चौपरा रोड मुगलपुरा निवासी हरिकिशन साहू, प्रमोद वर्मा आदि ने बताया जल संस्थान की पाइप लाइन में छह माह से पानी नहीं आया है। (संवाद)