मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के कुम्हरौड़ा मोहल्ला स्थित आदर्श विद्यालय के पीछे की बस्ती में पेयजल संकट है। इस बस्ती में बनाई गई पेयजल योजना अभी भी संचालित नहीं हो सकी है। हालांकि पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूरा हो चुका है और नलकूप भी पूरी तरह तैयार खड़े हैं। लेकिन बिजली का कनेक्शन अभी तक न होने से नलकूप संचालित नहीं हो पा रहा है।
कुम्हरौड़ा मोहल्ला में आदर्श विद्यालय के पीछे बस्ती में पानी मुहैया कराने के लिए नई पेयजल योजना तैयार की गई थी। नलकूप के साथ पाइपलाइनों का विस्तार भी हो गया है। लेकिन अभी तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। वहीं पानी उपलब्ध कराने के लिए दो सबमर्सिबल पंप 15 दिन से खराब पड़े हैं। बस्ती के आसपास के हैंडपंप भी खराब हैं। जिससे पानी का संकट गहराया है।
जल निगम के अवर अभियंता आबिद अली ने बताया नलकूप व पाइप लाइनों का विस्तार हो गया है। बिजली कनेक्शन के लिए विभाग में पैसा भी जमा कर दिया गया है। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं किया गया है। कनेक्शन के बाद पाइपलाइनों की टेस्टिंग की जाएगी। वहीं एसडीओ विद्युत राकेश कुमार ने बताया जल निगम का पैसा जमा है। एस्टीमेट बन चुका है। अब टेंडर प्रक्रिया होनी है। उम्मीद है एक सप्ताह के अंदर बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।