भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। तीन वर्ष पूर्व इसकी शादी हुई थी। एक डेढ़ वर्ष की दूधमुंही बच्ची है।
थानाक्षेत्र के अंतर्गत पत्योरा के मजरा शिवरामपुर डेरा निवासी अमित निषाद (26) ने मंगलवार दोपहर बिजली के केबल से पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बड़े भाई अनिल निषाद ने बताया कि अमित की पत्नी सोमवार को मायके चली गई थी। उसको लेकर वह अवसाद में था, मंगलवार दोपहर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी जूली, डेढ़ वर्ष की पुत्री आरोही को रोता बिलखता छोड़ गया। पत्योरा पुलिस चौकी इंचार्ज निशांत दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।