राठ में घटना स्थल से दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेते पुलिसकर्मी
- फोटो : HAMIRPUR
राठ (हमीरपुर)। पनवाड़ी मार्ग पर गल्ला मंडी के सामने नहर पुलिया पर बुधवार की रात कार और बाइक टकरा गईं। इस हादसे में झांसी जिले के मऊरानीपुर कस्बा निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। तीनों युवक दोस्त की बरात में शामिल होने जा रहे थे। चालक कार छोड़कर भाग गया।
झांसी जिले के मऊरानीपुर कस्बे के गांधीगंज मोहल्ला निवासी राकेश ने बताया कि बुधवार को पड़ोसी सुनील की बरात राठ क्षेत्र के मझगवां गांव गई थी। बरात में शामिल होने उनका छोटा भाई सुरेश (25), पड़ोसी शैलेंद्र कुमार (20) और अवधेश (21) बाइक से मझगवां जा रहे थे। बाइक अवधेश चला रहा था। रात करीब एक बजे गल्ला मंडी के सामने राठ की ओर से जा रही कार से बाइक टकरा गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़ भाग गया।
अवधेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी से डॉक्टर ने उरई रेफर कर दिया। गुरुवार की सुबह सीएचसी पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुरेश भी साथ में था। खोजबीन करने पर घटनास्थल के पास नहर में उसका शव मिला।
सुरेश गल्ला मंडी में पल्लेदार था। मां भवानीबाई, गर्भवती पत्नी संजना और पुत्री संस्कृति (2) का हाल बेहाल है। दूसरा मृतक अवधेश प्लंबर और अविवाहित था। मां कुसमा का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार कोतवाली में खड़ी कराई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक सुरेश की फाइल फोटो- फोटो : HAMIRPUR
मृतक अवधेश की फाइल फोटो- फोटो : HAMIRPUR