हमीरपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रकाश साहू के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने 14 सूत्री समस्याओं का ज्ञापन महानिदेशक अनामिका सिंह को सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया बेसिक शिक्षक निष्ठा पूर्वक, ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। फिर भी उनकी समस्याओं का निस्तारण समय से नहीं किया जा रहा है। बताया तमाम विद्यालयों के प्रधानाध्यापक के पदों को समाप्त कर दिया गया है। जिससे उनके प्रमोशन प्रक्रिया पर रोक लग गई है।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में पांच व उच्च प्राथमिक विद्यालय में तीन अध्यापक की नियुक्ति, वेतन विसंगति को दूर करने, कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था सुविधा का लाभ देने, नवनियुक्त अध्यापकों का एनपीएस कटौती का लेखा-जोखा उपलब्ध कराने, पुरानी पेंशन लागू किए जाने आदि मांगों को अतिशीघ्र निस्तारित करने की मांग की है। महानिदेशक ने समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है। इस मौके प्रदेश महामंत्री योगेंद्र कुमार निगम, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, खुश्तर रहमान आदि रहे। (संवाद)