राठ(हमीरपुर)। टोला गांव में हो रहे ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को ग्रुप बी में टोला ने बसेला व कस्बा खेड़ा टीम ने चिल्ली को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
टोला टीम के कप्तान अरुण राजपूत ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 16 ओवर के मुकाबले में 15.3 ओवर में 98 रन बनाए। जवाब में बसेला की पूरी टीम 78 रन बनाकर आउट हो गई। टोला की टीम ने 20 रनों से मुकाबला जीत लिया।
टोला की तरफ से भूपेंद्र ने 28 रन बनाए, वहीं अर्जुन ने तीन विकेट लिए। दूसरे मुकाबले में चिल्ली ने 15 ओवर में 46 रन बनाए। कस्बा खेड़ा टीम ने इस मुकाबले को सात विकेट से जीत लिया। टूर्नामेंट के सचिव धर्मेंद्र गुप्ता में बताया कि शुक्रवार को कस्बा खेड़ा व जरिया टीमों के बीच पहला तथा टोला व बीरा के बीच दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।