हमीरपुर: घटना स्थल पर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर कस्बे की फैक्टरी एरिया से सीसीटीवी कैमरे लगाकर बाइक से वापस जा रहे दो सगे भाइयों को हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे पीछे बैठे भाई की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल को इलाज के लिए उसकी मां भाजपा नेत्री अस्पताल ले गईं। हमीरपुर निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष व मनोनीत सभासद राधा चौरसिया के पुत्र जितेंद्र चौरसिया (30) व आनंद चौरसिया (25) सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए कस्बे के फैक्टरी एरिया में आए थे।
कैमरा लगाने के बाद वापस बाइक से घर जा रहे थे। तभी कस्बे के नेहा नर्सिंग होम के पास बने ब्रेकर पर बाइक धीमी करके पार करने लगे। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे पीछे बैठे जीतेंद्र चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि आनंद चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया। वहीं घायल आनंद चौरसिया परिजनों को जानकारी देता रहा।
कुछ देर बाद उनकी मां राधा चौरसिया मौके पर पहुंचीं और घायल पुत्र को अपने वाहन से इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गईं। घटना के बाद हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस आवागमन बहाल करा सकी। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कराया है।