भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के ग्राम इटरा में जमीन के विवाद को लेकर मंगलवार सुबह दो भाइयों के बीच लाठी डंडे और गोलियां चलीं। इस घटना में एक पक्ष के निजी सुरक्षाकर्मी की मौके पर मौत हो गई और पिता-पुत्र घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। सूचना पर एसपी ने घटना स्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने चार सगे भाइयों समेत पांच के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
कस्बा निवासी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष स्व.आनंदी प्रसाद पालीवाल की पुश्तैनी जमीन ग्राम पंचायत चंदपुरवा बुजुर्ग के मजरा इटरा में है। पूर्व चेयरमैन की मौत के बाद इस जमीन के बंटवारे को लेकर इनके पुत्र पूर्व प्रधान राहुल उर्फ टिंकू पालीवाल व आलोक पालीवाल के मध्य विवाद है।
बताते हैं कि कुछ जमीन पर इसी वर्ष आलोक पालीवाल ने अन्य भाइयों के साथ मिलकर गेहूं की फसल बोई थी। इस पर टिंकू पालीवाल फसल में पानी नहीं लगाने दे रहा था। सोमवार रात आलोक अन्य भाइयों के साथ खेत में पानी लगवाने के लिए पहुंचा था।
इसकी जानकारी सुबह टिंकू को हुई तो टिंकू अपने पुत्र आयुष (17), खेत की रखवाली करने वाले राजू सोनकर व निजी सुरक्षाकर्मी फूल सिंह प्रजापति (40) निवासी नरजिता थाना जसपुरा बांदा के साथ खेत पहुंच गया। वहां वह पानी लगाने के लिए बिछाए गए पाइप हटाने लगा। इसी बीच आलोक अपने अन्य भाइयों के साथ आ धमका और वाद विवाद के बाद फायरिंग शुरू कर दी।
घटना में गोली लगने के साथ ही धारदार हथियार से वार किए जाने से निजी सुरक्षाकर्मी फूल सिंह प्रजापति की मौके पर मौत हो गई। वहीं मारपीट में टिंकू के साथ उसका पुत्र आयुष भी घायल हो गया। राजू सोनकर बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना टिंकू ने थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह एवं डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी होने पर सीओ सदर राजेश कमल अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की। मौके का निरीक्षण करने पहुंंचीं एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह को जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की निर्देश दिए।
टिंकू ने अपने सगे भाई आलोक पालीवाल, अजय, संजय व पुनीत के अलावा आलोक के साथ रहने वाले इस्लाम के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पुनीत समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
सीओ राजेश कमल ने बताया कि राहुल उर्फ टिंकू पालीवाल की तहरीर पर आरोपी आलोक पालीवाल, अजय पालीवाल, संजय पालीवाल, पुनीत पालीवाल व इस्लाम के खिलाफ के तहत रिपोर्ट दर्ज किया गया है। समूह बनाकर हत्या करने, हत्या का प्रयास, बलवा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके से कुल्हाड़ी और चाकू भी मिला है।
तीन आरोपी और वादी की भी खुली हैं हिस्ट्रीशीट
घटना के आरोपी संजय पालीवाल(54ए), अजय पालीवाल (57ए), आलोक पालीवाल (58ए), और वादी टिंकू उर्फ राहुल पालीवाल (66ए) की सुमेरपुर थाने में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। सीओ का कहना है कि पुराने हिस्ट्रीशीटर है। अभी कोई नया मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
भाइयों के विवाद में चढ़ी तीसरे की बलि
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के पूर्व चेयरमैन आनंदी प्रसाद पालीवाल के पुत्रों के मध्य जमीनी विवाद वर्षों से चल रहा है। चर्चा है कि बंटवारे को लेकर टिंकू अन्य भाइयों पर दबाव बना रहा था। जबकि अन्य भाई बंटवारे के पक्ष में नहीं थे।
इसी बात पर मंगलवार को पानी लगाने के दौरान हुए विवाद में फूल सिंह प्रजापति की गोली लगने से मौत हो गई। फूल सिंह पूर्व प्रधान टिंकू पालीवाल का बेहद करीबी था और अक्सर सुरक्षा को लेकर साथ रहता था। विवाद होने की आशंका पर सुबह टिंकू ने उसे मौरंग खदान खप्टिहा से बुलवाया था।
इसके बाद उसे साथ लेकर खेत पर गया था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में फूल सिंह की बलि चढ़ गई। फूल सिंह दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई की मौत के बाद उसने भाभी कलावती से विवाह कर लिया था।
कलावती के दो पुत्र चंद्रकिशोर एवं हरिश्चंद्र के अलावा दो पुत्रियां सुखवासा एवं विमला हैं। दोनों पुत्रियों का विवाह हो गया है। फूल सिंह बालू खदान में रहकर रखवाली का कार्य करता था। वर्ष 2021 में हुए पंचायत चुनाव में उसने प्रधान पद के लिए चुनाव भी लड़ा था।
14 नवंबर को प्रार्थना पत्र दे जताई थी आशंका
तहरीर में शामिल आरोपी अजय ने बताया कि बीते 14 नवंबर को जमीन विवाद को लेकर एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें किसी अनहोनी घटना का अंदेशा जताया था। उसने बताया कि घटना रची गई है। फूल सिंह की हत्या के बाद खुद को घायल कर केस बनाया गया है।
इटरा गांव में दो सगे भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग में एक करीब 40 वर्षीय युवक की मौत हुई। वहीं दो लोग घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। दो आरोपियों को हिरासत में ले पूछताछ की जा रही है। - डॉ. दीक्षा शर्मा, एसपी हमीरपुर