राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के धनौरी गांव में क्रिकेट खेलकर घर पहुंचे एमए द्वितीय वर्ष के छात्र ने फंदा लगा लिया। जब तक परिजनों को जानकारी हुई, उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता पाए।
धनौरी गांव निवासी कौशल किशोर राजपूत ने बताया कि सोमवार शाम उनका भतीजा संकेत (22) क्रिकेट खेलकर घर पहुंचा था। इसके बाद उसने कमरे में पंखे के सहारे रस्सी से फंदा लगा लिया। जब दादी घर पहुंचीं तो वह फंदे पर लटका मिला। उन्होंने घरवालों को सूचना दी, लेकिन तब तक संकेत की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि संकेत के पिता फूलसिंह की कई साल पहले मौत हो चुकी है। मां संतोष रानी घटना के समय खेत पर काम करने गईं थीं। पिता की मौत के बाद संकेत पढ़ाई के साथ ही खेती में मां का हाथ बंटाता था। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता पाए। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।