मौदहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार सदर विधायक युवराज सिंह ने निधि से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। इसके संचालित होते ही लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। विधायक ने कहा वह इसी तरह अन्य अस्पतालों में भी स्वास्थ्य संबंधी जो आवश्यकताएं होंगी उन्हें पूरा करने का प्रयास करेंगे। कोरोना काल के प्रथम दौर में लोगों को ऑक्सीजन की भारी किल्लत झेलनी पड़ी।
इसकी कमी से लोगों की मौतें भी हुईं। इसे देखते विधायक ने सीएचसी को अपनी निधि से 50 लाख रुपये मुहैया कराकर यह ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा की थी। इससे 20 बेड में सीधी ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। कार्यदायी संस्था यूपीएसआईडी से निर्मित कराया गया यह जिले का पहला प्लांट है। सीडीओ केके वैश्य ने कहा चिकित्सकों की कमी को देखते हुए मंडलायुक्त की ओर से शासन से लगातार बात की जा रही है।
मौजूदा समय में निर्धारित संख्या से कम चिकित्सक हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल सचान, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लालाराम निषाद, समाजसेवी इंद्रजीत सिंह नन्ना, बाल्मीकि गोस्वामी और भाजपा नेता प्रहलाद सिंह, लवलेश शिवहरे, सुरेश भदौरिया, नत्थू सिंह रहे। (संवाद)