हमीरपुर। जिले में वायरल के साथ इस समय डेंगू भी पैर पसारने लगा है। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में दो मरीज भर्ती कराए गए हैं। वहीं डेंगू से प्रभावित 10 मरीजों की हालत में सुधार होने पर उनकी छुट्टी कर दी गई है।
जिला अस्पताल में इनदिनों उल्टी, दस्त व डायरिया के मरीजों का तांता लगा है। आसपास के जनपदों से बुखार, सर्दी, जुकाम आदि के मरीज इलाज कराने आ रहे हैं। जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर के कर्मी आशीष ने बताया गुरुवार को ओपीडी में 1200 पर्चें बनवाए गए हैं। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया उल्टी, दस्त, पेट दर्द व डायरिया के सर्वाधिक मरीज आ रहे हैं। बताया तीन दिन पूर्व डेंगू के लक्षण वाले दस मरीज भर्ती हुए थे।
जिनकी जांच कराई गई तो निवेटिव मिले। गुरुवार को दो मरीजों के और आने पर डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। बताया डेंगू से ग्रसित मरीज कानपुर जिले के भमौरी गांव निवासी कमलेश व जालौन जिले के कुसमरा निवासी आशीष हैं। मरीजों ने बताया सात दिन से बुखार, सरदर्द हो रहा था। डाक्टर ने बताया एडीज नामक मच्छर के काटने से डेंगू फैलता है। बुखार आने से प्लेटलेट्स लगातार गिरती जाती है। कोरोना महामारी के बीच इस बीमारी से सावधान रह मरीज का सही समय पर इलाज करवाना चाहिए।