राठ में आग से जला दुकान का सामान व क्षतिग्रस्त मकान
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। नगर के भटियाना मोहल्ले में किराने की दुकान में इन्वर्टर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से दो लाख रुपये नगद, दुकान व गोदाम में रखा करीब 9 लाख रुपये का सामान जल गया। आग इतनी भीषण थी कि मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
भटियाना मोहल्ला निवासी गोपाल शर्मा ने बताया कि घर पर किराने की दुकान किए हैं। ऊपरी मंजिल पर गोदाम भी बनाए हैं। सोमवार सुबह साढ़े चार बजे परिवार के साथ मंदिर गए थे। तभी इन्वर्टर में हुए शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। पड़ोसियों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से मकान की ऊपरी मंजिल की छत टूट कर गिर गई।
पीड़ित गोपाल शर्मा ने बताया आग से घर में रखे दो लाख रुपये, दुकान व गोदाम में रखा करीब नौ लाख का सामान व गृहस्थी पूरी तरह जल चुकी है। लेखपाल करन सिंह ने आग से हुए नुकसान का आकलन किया। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बृजेश गुप्ता, प्रशांत बुधौलिया, नीलेश अग्रवाल आदि ने मदद का आश्वासन देते हुए ढांढस बंधाया।