ब्रिटिश कालीन चांदी का सिक्का।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा (हमीरपुर)। मलबे से चांदी के सिक्के मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन न तो सिक्के मिले और न ही उन्हें पाने वाला युवक ही हाथ लगा। पुलिस का कहना है कि कुछ ग्रामीण जरूर मलबे की खोदाई कर रहे थे, जिन्हें हटा दिया गया है। सिक्के पाने वाले युवक की तलाश की जा रही है। सिक्कों की सिर्फ तस्वीर ही सोशल मीडिया में वायरल हुई है।
बता दें कि नरायच के निकट बह रही चंद्रावल नदी के पास ही ब्रिटिश काल जमाने का एक जर्जर डाक बंगला है। डाक बंगले के सामने हाल में ही किसी के पुराने घर की खोदाई होने के बाद उसका मलबा डाल दिया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार को बारिश का पानी मलबे के ऊपर से बहने के कारण चांदी के सिक्के दिखाई देने लगे। इस पर बंगले के सामने ही रहने वाले एक व्यक्ति ने लोगों की नजर बचाकर सिक्के उठाने शुरू कर दिए।
कुछ ग्रामीणों ने उसे सिक्के बटोरते देखा तो पूरे गांव में खबर फैल गई। फिर क्या था, कई ग्रामीण कुदाली फावड़ा लेकर वहां पहुंच व सिक्कों की तलाश में खोदाई करने लगे। नदी किनारे भीड़ एकत्र होन की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को मलबे से दूर किया। कोतवाल पवन पटेल ने बताया कि जिस व्यक्ति को सिक्के मिलने की बात की जा रही है, उसका कुछ पता नहीं चला है। तलाश की जा रही है। फिलहाल वायरल सिक्कों की तस्वीर की जांच कराई जाएगी।