हमीरपुर। प्रधानमंत्री के 19 नवंबर को महोबा आगमन को लेकर बड़ी संख्या में जन सामान्य के कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की संभावना है। लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों में समन्वय स्थापित करने को लेकर जिलाधिकारी डॉ.चंद्रभूषण की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में बैठक हुई।
बैठक में डीएम ने नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ सफाई का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि हमीरपुर व राठ रोडवेज के अलावा विकासखंड स्तर पर भी वाहनों की वैकल्पिक व्यवस्था रखी जाए। सभी मुख्य सड़कों को पूर्णतया गड्ढामुक्त किया जाए। सड़कों पर कोई भी अन्ना जानवर नहीं दिखे। उन्होंने परिवहन विभाग, रोडवेज विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा आपस में सामंजस्य बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ केके वैश्य, एडीएम न्यायिक, जिला विकास अधिकारी विकास मिश्रा, पीडी साधना दीक्षित, डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश, समस्त बीडीओ, ईओ, जिला पूर्ति अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)