सरीला (हमीरपुर)। बौखर में वधू की बहनों ने दूल्हे से नेग की मांग की तो बात बिगड़ गई। पुलिस के आने पर भी बात नहीं बनी तो दूल्हे को बरात लेकर लौटाना पड़ा।
मुस्करा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की बरात लेकर बौखर पहुंचा। वधू पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया। सब कुछ हंसी-खुशी चल रहा था, लेकिन जयमाला के दौरान वधू की बहनों ने नेग में पांच हजार की मांग की। दूल्हे ने नेग में 500 रुपये दिए, जो बढ़ते-बढ़ते 1500 रुपये तक पहुंच गया, लेकिन वधू पक्ष पांच हजार रुपये पर अड़ा रहा। देखते ही देखते बात बिगड़ती गई और दूल्हे पक्ष को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस के समझाने-बुझाने पर भी बात नहीं बनी तो दूल्हे को बरात लेकर लौटना पड़ा।
दूल्हे के भाई ने बताया कि पिछले तीन साल से रिश्ता तय था। छोटी सी बात को लेकर बरात लौटा दी गई, जबकि चढ़ावे की ज्वैलरी और कपड़ा वधू पक्ष ने रख लिया है। चंडौत चौकी प्रभारी शिवम पांडेय ने बताया कि बरात लौटाए जाने की जांच चल रही है। दुल्हन भी शादी करने से इनकार कर रही है।