हमीरपुर। सीएससी केंद्रों के जरिए असंगठित श्रमिकों के यूनिक आईडी कार्ड ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से बनाए जाएंगे। असंगठित श्रमिक विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। मंत्रालय की ओर से अब उनके कार्य की प्रकृति के अनुसार वर्ग विभाजन कर खाका तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है। ताकि इनके उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकरी योजनाएं बनाकर उन्हें क्रियान्वित किया जा सके।
सीएससी के जिला प्रबंधक संजय वर्मा ने बताया असंगठित श्रमिकों के आंकड़े जुटाने के लिए श्रम मंत्रालय से 25 अगस्त को ई-श्रम पोर्टल लांच होगा। जिसके माध्यम से कार्यरत श्रमिकों की जानकारियां जुटाई जाएंगी। इसके लिए 25 व 26 को जिले के सभी सीएससी केंद्रों पर अभियान चलाकर असंगठित मजदूरों का निशुल्क पंजीकरण किया जाएगा। श्रमिक का पंजीकरण होते ही सीएससी केंद्र से एक यूनिक आईडी कार्ड मुहैया कराया जाएगा। यूनिक आईडी कार्ड बनते ही उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ मिल जाएगा।
इनका एक साल का खर्च भी खुद सरकार ही वहन करेगी। बताया आंकड़े जुटाने के बाद असंगठित श्रमिक किस वर्ग से हैं, उनका खाका तैयार किया जाएगा। रोजगार के अवसर भी इस वर्ग के हिसाब से सरकार सृजित कर सकेगी, साथ ही यदि कहीं किसी विशेष वर्ग के मजदूरों की जरूरत होगी तो इसी यूनिक आईडी के माध्यम से इन लोगों को सूचित भी किया जा सकेगा।