हमीरपुर। स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत जिले के 21 परिषदीय विद्यालयों का चयन किया गया है। शासन की ओर से स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले सभी स्कूलों का थर्ड पार्टी के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया गया था।
परिषदीय विद्यालयों को बेहतर ढंग से संवारने व पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के लिए स्कूलों में मिशन कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों को स्वच्छ व सुंदर बनाने के उद्देश्य से शासन ने स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना की शुरूआत की है। इसके तहत मार्च व अप्रैल में जिले के 38 परिषदीय विद्यालयों ने आवेदन किया था। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन के बाद 21 विद्यालयों का चयन किया गया है। आवेदन करने वाले स्कूलों का सत्यापन करने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग से गठित टीम ने पांच स्टार, चार स्टार व तीन स्टार दिए थे। स्कूलों में शुद्ध जल, स्वच्छता, साफ-सफाई व व्यवहार के आधार पर स्कूलों का मूल्यांकन किया गया था।
21 विद्यालयों में 11 विद्यालयों को राज्य स्तर व 10 विद्यालयों को जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाना है। अच्छा काम करने वाले पांच शिक्षकों को बेस्ट शिक्षक अवार्ड व पांच ग्राम प्रधानों को बेस्ट प्रधान अवार्ड मिलेंगे। बेस्ट ब्लाक अवार्ड खंड शिक्षा अधिकारी को मिलेगा। बीएसए कल्पना जायसवाल ने बताया कि स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना से स्कूलों में एक-दूसरे से बेहतर करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। शासन से स्थानीय कार्यक्रम के लिए 40 हजार की धनराशि जारी कर दी गई है। इसमें प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न, नास्ते की व्यवस्था की जाएगी।