भरुआ सुमेरपुर। ब्लॉक सभागार में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। फैमिली आईडी, केवाईसी, एवं आवास निर्माण मजदूरी भुगतान की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। ड्रेस कोड में बिना वर्दी पहुंचे कर्मचारियों पर भी उन्होंने सख्त रुख दिखाया।
प्रभारी खंड विकास अधिकारी आशीष कटियार ने पंचायतवार फैमिली आईडी, केवाईसी एवं आवास निर्माण मजदूरी भुगतान की रिपोर्ट पेश की। ब्लॉक प्रमुख ने निर्देश दिए कि 28 जनवरी तक सभी लंबित कार्यों में अपेक्षित प्रगति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। एडीओ पंचायत सुरेश कुमार ने संचालन किया। बैठक में एपीओ मनरेगा विकास चंद्र, सभी पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, कंसल्टिंग इंजीनियर आदि मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान पंचायत सचिव मनीष कौशिक की प्रगति बेहतर पाई गई। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की।