फोटो24एचएएमपी 27- कलक्ट्रेट में शराब ठेका हटाने की मांग करते ग्रामीण। संवाद
हमीरपुर। गांव की आबादी के बीच संचालित शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के बैनर तले सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी को मांग पत्र सौंपा। आरोप है कि ठेका बस्ती के बीच होने से आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार झगड़ा हो जाता है। इससे महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मौदहा क्षेत्र के करहिया गांव निवासी पार्वती कश्यप, अंकित कुशवाहा, नीलम, राजकुमार, जीतेंद्र, सुखदेवी, कुलदीप, हरिओम, बरदानी, मीरादेवी, श्यामबाबू, संतोष समेत अन्य ग्रामीणों ने लिखित में मांग पत्र सौंपा। इस दौरान बताया कि ठेके के आसपास शराब पीकर गाली-गलौज और विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। इससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक ठेके के नजदीक धार्मिक स्थल भी है। इसके अलावा बच्चों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेका हटाने के लिए पहले भी अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिलाधिकारी से आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके को गांव से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग की है।