मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के पूर्वी तरौस में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतका के भाई ने बहन के ससुरालीजनों पर हत्याकर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। नगर के पूर्वी तरह निवासी अन्नू (22) पत्नी दीपक वर्मा ने बुधवार रात घर में फांसी लगा ली। जानकारी होने पर ससुरालीजन आननफानन में सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतका के ममेरे भाई चंद्रभान निवासी मसगांव ने ससुरालीजनों पर बहन की हत्या कर फांसी में लटकाने का आरोप लगाया है। मृतका के ससुर दयाराम का कहना है घर में आटो की किस्त जमा करने के लिए चार हजार रखे थे, जो अचानक गायब हो गए। जिस पर उनकी पत्नी ने अन्नू से रुपयों के बारे में पूछताछ की थी। जिससे कुपित होकर शायद बहू ने यह कदम उठाया है। (संवाद)