हमीरपुर। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। घरों व मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाकर उनकी पूजा की गई। इस मौके पर बाल कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां भी दीं। रात भर मठ व मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।
मौदहा संवाद के अनुसार मथुरा मंदिर, ओरी मंदिर व लक्ष्मी नारायण मंदिर में झांकी सजाकर जन्मोत्सव का कार्यक्रम रात 12 बजे मनाया गया। जिसमें कीर्तन, भजन व प्रसाद वितरण हुआ। वहीं लोगों ने घरों में भी श्रीकृष्ण की मूर्तियां सजाकर जन्मोत्सव मनाया। महिलाओं ने सोहर गीत गाए। कोतवाली में भी जन्माष्टमी पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। कस्बे के जमुना प्रसाद धर्मशाला में आर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ। जिसमें राधा-कृष्ण समेत अन्य देवी-देवताओं से संबंधित भजन व गीतों का श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। सुमेरपुर संवाद के अनुसार जन्माष्टमी पर्व पर रात भर चला।
जिसका लोगों ने श्रद्धा के साथ आनंद उठाया। ठंडेश्वरी आश्रम में अखंड परमधाम के मुख्य संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें रामप्रकाश व प्रेमनरायन तिवारी उर्फ राजू ने तबला वादक अनूप कुमार के साथ मिलकर भजन प्रस्तुत किए। ठडेश्वरी आश्रम के प्रबंधक स्वामी सत्यप्रकाश महाराज, स्वामी चेतनानंद महाराज, स्वामी हंसानंद महाराज, स्वामी मूलानंद महाराज, स्वामी वैराग्यानंद महाराज, भाजपा नेता मुनीर खान, रामदत्त पांडे, केके त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
थाने में मशहूर भजन गायिका गोल्डी शर्मा, विद्या विश्वकर्मा आदि कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किया। गायत्री तपोभूमि के राधा-कृष्ण मंदिर में कस्बे के युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से लोगों को आनंदित किया। बिदोखर पुरई के गांवटी मंदिर में गायक अमर सिंह पहलवान के नेतृत्व में भजन-कीर्तन देर रात तक चला।