भरुआसुमेरपुर कस्बे में रेलवे क्रासिंग पर कानपुर-बांदा रेल लाइन में पटरी
बदलने का काम चालू होने से बीती रात करीब सात घंटे सुमेरपुर-बांदा सड़क
मार्ग पूरी तरह से ठप रहा। वहीं ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा। देर
रात शुरू काम सुबह निपट सका।
कस्बे में रेलवे गेट के पास पटरी खराब हो
गई थी। जिससे ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ रहा था। सोमवार की रात पटरी
बदलने का काम रात करीब 11 बजे शुरू किया गया। पहले पुरानी पटरी को काटकर
अलग किया गया। उसके बाद दूसरी पटरी डालने का काम जारी हुआ।
रेलवे लाइन में
काम शुरू होने पर सुमेरपुर बांदा सड़क मार्ग को बंद कर दिया गया। जिससे इस
मार्ग पर गुजरने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह करीब 6 बजे वाहनों
के निकलने के लिए रास्ता बन सका।
इस तरह सात घंटे यह मार्ग पूरी तरह ठप
रहा। बिना पूर्व सूचना के मार्ग बंद हो जाने से लोगों को परेशानियों का
सामना करना पड़ा। वही रात में निकलने वाली मालगाडियां भी नहीं पास हो सकीं।
चौपहिया वाहन चालक सड़क बंद होने पर पंधरी से पचखुरा वाया चंदपुरवा होते
हुए कानपुर सागर हाइवे में पहुंचकर अपने गंतव्य को जा सके। जबकि भारी वाहन व
बालू भरे ट्रक रात भर सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।