घटनास्थल पर पलटी गाड़ी को देखते लोग। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे बाइक सवार जीजा-साले को मिनी वैन ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मिनी वैन में सवार पांच सवारियां भी घायल हुई हैं। दो घायलों को सीएचसी से झांसी रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे, उनके सिर पर चोटें आईं थीं।
महोबा के श्रीनगर थाने के ढिकवाया गांव निवासी नूर मोहम्मद (40) पुत्र इमाम बक्श की चार बेटियां नफीसा, रोजी, मुस्कान, खुशबू और एक बेटा नसीर है। 13 मई को नफीसा की शादी है। बारात मुस्करा कस्बे से आनी है। बेटी की शादी के लिए नूर मोहम्मद पनवाड़ी के रिछा निवासी अपने साले अहसान (35) पुत्र रज्जब के साथ बाइक से मुस्करा शादी के कार्ड बांटने गया था। सोमवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे साले-बहनोई बाइक से राठ आ रहे थे। राठ-हमीरपुर मार्ग पर साईं मंदिर के पास सामने एक बस को ओवरटेक कर निकली मिनी वैन से इनकी सीधी भिड़ंत हो गई। मिनी वैन की टक्कर से दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद अनियंत्रित मिनी वैन सड़क किनारे पलट गई। मिनी वैन में सवार चिल्ली निवासी बाबूराम (79), प्रदीप (16) पुत्र मदन पाल, चालक अवधेश व्यास (50) और औंता गांव निवासी लक्ष्मी (40) पत्नी देवकरन और उसकी पुत्री पूजा (12) घायल हो गए। अवधेश और बाबूराम की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया है। पुलिस ने बताया मिनी वैन का चालक शराब के नशे में था। बताया कि हेलमेट न लगाए होने से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साले बहनोई की मौत पर घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं हैं।