नगर पालिका परिषद की मनमानी से चमचमाती सड़क फिर से खड़ंजा बन गई है। इसके पीछे नेताओं का दबाव और अधिकारियों की मिली भगत बताया गया है।
हद तो यहां तक हो गई कि एक अच्छी खासी बनी सीसी सड़क को मरम्मत के नाम पर जेसीबी से उखाड़ डाला गया। इस सड़क को तीन मीटर चौड़ी करने के लिए 300 मीटर हिस्से का स्टीमेट 17.10 लाख रुपये का तैयार किया गया है।
मराठीपुरा मोहल्ला स्थित तहसील व अस्पताल के पीछे अच्छी खासी बनी सीसी रोड को राताें रात जेसीबी मशीन से उखाड़ फेंका गया। सुबह मोहल्ले वालों ने देखा तो हैरान रह गए।
हालत यह है कि तकरीबन 300 मीटर चौड़ी सड़क जेसीबी से खोद डाली गई। इस संबंध में मोहल्ला के रिजवान अली ने बताया कि यह पूरी सड़क मजबूतथी। सिर्फ कुछ जगहाें पर पानी के नलाें के कनेक्शनों के लिए सड़क को खोदा गया था। इसकी मात्र कुछ हजार रुपये में ही मरम्मत कराई जा सकती थी।
सुरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि यह सड़क इतनी मजबूत थी कि इसे उखाड़ने की जररूत नहीं थी। स्कूल जाने वाले बच्चे व वृद्ध घरों से निकलने के लिए तरस रहे हैं। यही बात मोहल्ले के अन्य लोग भी कह रहे हैं। फिलहाल अब यह मार्ग किसी मुसीबत से कम नहीं है।
लोगों ने पालिका पर धन के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पालिका परिषद के अवर अभियंता सिद्धार्थ कुमार का कहना है कि सड़क की मरम्मत का स्टीमेट 17.10 लाख रुपए का है। इस सड़क को खुदवाने के लिए नहीं कहा गया था। जिस ठेकेदार ने खुदाई कराई है वह उसकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने सिर्फ सड़क की मरम्मत के लिए ही टेंडर डलवाए हैं।
कसबे के मध्य से गुजरने वाला 500 मीटर राठ-चंडौत मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। वाहनों के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धूल के गुबार से कसबे के लोग संक्रामक बीमारी के शिकार हो रहे है।
राठ-चंडौत मार्ग कसबे के मध्य से गुजरता है। सहकारी बैंक से लेकर नगर पंचायत कार्यालय तक करीब 500 मीटर सड़क उखड़ी पड़ी है।
3-4 साल से मरम्मत नहीं होने से सड़क खस्ता हालत में पहुंच चुकी है। विशेषकर ब्लाक के सामने सड़क बड़े-बड़े गड्ढों का रूप ले चुकी है। सड़क किनारे नाली न होने से ब्लाक कालोनी के नापदानों का गंदा पानी इन्हीं गड्ढाें में भरा है।
इस मामले में लोनिवि के जेई पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इस दूरी में सड़क की चौड़ाई 3.7 मीटर से बढ़ाकर 7.5 मीटर करने के साथ सीसी युक्त बनवाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। काम जल्द शुरू हो जाएगा।