कोतवाली के अकौना गांव में चुनावी रंजिश में दो लोगों ने एक युवक पर बंदूक और तमंचा से फायर कर जान से मारने की कोशिश की। युवक किसी तरह बचा तो हमलावरों ने लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। घायल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। उधर, गांव में दिनदहाडे़ गोली चलने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
अकौना निवासी महेंद्र प्रताप सिंह पुत्र हरनाथ लोधी ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह वह अपने बच्चों को गांव के संतोष विश्वकर्मा के घर पर टयूशन पढ़ने के लिए छोड़ने गया था। आरोप लगाया कि बच्चों को छोड़ने के बाद लौटते समय जैसे ही बाइक मोड़ी तभी संतोष कुमार पुत्र हरीराम और नित्तू पुत्र नारायन दास दोनाली बंदूक और तमंचा लेकर सामने आ गए।
बताया कि संतोष ने दोनाली बंदूक से फायर झोंक दिया। किसी तरह वह बच गया। तभी नित्तू ने तमंचे से फायर कर दिया, जो बगल से निकल गई। दोनों के हमले से बचने पर दोनों ने लाठियों से हमला कर दिया। जिससे बायां हाथ जख्मी हो गया। उसने भाग कर दूरसंचार केंद्र में घुस अपनी जान बचाई। महेंद्र ने बताया कि आरोपी प्रधानी के चुनाव से रंजिश रखते है।
कोतवाली के एसएसआई अमर सिंह यादव ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। उधर, जरिया थानाक्षेत्र के करही गांव में लेन देन के विवाद में गांव के दबंग ने दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर पड़ोसी के दरवाजे पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। पीड़ित की तहरीर पर तीन के विरुद्ध गुंडागर्दी व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
करही गांव निवासी रामआसरे का अपने पड़ोसी भगवती से लेनदेन का पुराना विवाद है। रविवार की देर शाम भगवती ने दो लोगों के साथ देशी तमंचे से उसके दरवाजे में हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। रामआसरे ने बताया कि पड़ोसी भगवती से उसका लेनदेन का विवाद बहुत पुराना है।
रविवार को उसके दूर के रिश्तेदार गनेश व राजेश निवासी बीरा आए। अकारण ही तीनों ने मिलकर जान से मारने की नियत से दरवाजे पर हवाई फायरिंग शुरूकर दी। फायरिंग होने पर परिवार सहित घर में दुबक गया था। बाद में ग्रामीणों ने जब मौके पर आकर विरोध किया तो तीनों जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
थानाध्यक्ष जरिया स्वामीनाथ ने बताया कि तीनों आरोपी अपराधी किस्म के है। वह लेनदेन के विवाद के बहाने हवाई फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाना चाहते थे। पीड़ित की तहरीर पर गुंडागर्दी कर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर तीनों की तलाश की जा रही है।