भरुआसुमेरपुर। सोमवार रात सीएससी सेंटर बंद कर बाइक से घर जा रहे संचालक को बाइक सवार दो बदमाशों ने टक्कर मारकर गिरा दिया। उसके गिरते ही दूसरी बाइक पर सवार दो लोग उसका रुपयों से भरा बैग छीनकर ले गए। संचालक ने बैग में तीन लाख रुपये व मोबाइल समेत अन्य कागजात होने की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस रातभर बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास करती रही, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा। सुबह एएसपी अनूप कुमार व सीओ सदर अनुराग सिंह घटनास्थल पर पहुंच पीड़ित से पूछताछ कर बदमाशों की सुरागरसी में लगे रहे।
बिरखेरा गांव निवासी शीतल प्रसाद ने कस्बे के बोड़ा धर्मशाला के सामने सीएससी सेंटर खोला है। वह सेंटर से नेट बैंकिंग का भी कार्य करते हैं। पीड़ित ने बताया रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। तभी सामने से बाइक सवार दो बदमाशों ने आकर उनकी बाइक पर टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद दूसरी बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आकर उनके बैग को छीन कर ले गए।
पीड़ित ने बताया बैग में तीन लाख रुपये नगद, एक मोबाइल व आवश्यक कागजात पड़े थे। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन शुरू की। लेकिन हाथ खाली रहे। सुबह एएसपी अनूप कुमार, सीओ सदर अनुराग सिंह व प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर मौके पर पहुंचकर पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की खोजबीन में जुटी है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया घटना की जांच जारी है।