भरुआसुमेरपुर। पंधरी के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बाइक सवारों पर मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना के पीछे आपसी विवाद बता रही है। पंधरी निवासी प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक शिवबदन का आरोप है वह विद्यालय बंद होने के बाद कन्या सुमंगला योजना के फार्म का सत्यापन कराने के लिए बीआरसी कुछेछा गए थे।
देर शाम अपने रिश्तेदार रघुवीर निवासी हेलापुर के साथ बाइक से घर जा रहे थे, शाम करीब 7 बजे नवीन गल्ला मंडी के पास तीन बाइक सवार युवकों ने रोक लिया और गालीगलौज कर मारपीट की। जेब में पड़े पांच हजार रुपये छीन लिए। शिक्षक का दावा है भागते समय उसने एक को पहचान लिया है। पीड़ित शिक्षक ने तहरीर दी है। थानाध्यक्ष वीपी सिंह ने बताया शिक्षक की तहरीर मिली है। शराब पीने के बाद आपस में विवाद हुआ है। रुपये छीनने की घटना झूठी है। (संवाद)