राठ। मझगवां थाने के टोला रावत गांव में बुधवार को जमीन के विवाद में युवक ने अधेड़ को गोली मार कर घायल कर दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया है।
टोला रावत गांव में सुनील नायक व हरीसिंह राजपूत के बीच खेत में बने सिद्धबाबा के स्थान को लेकर विवाद है। सुनील ने नक्शे से अलग स्थान पर देव स्थान होने की शिकायत की थी। इस पर बुधवार को लेखपाल जमीन की पैमाइश करने पहुंचे। यह बात सामने आई देव स्थान नक्शे से अलग बना है। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था। घायल हरीसिंह के भाई बृजेंद्र राजपूत का आरोप है कि सुनील ने तमंचे से उनके भाई पर फायर झोंक दिया। हरीसिंह गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका झांसी में इलाज चल रहा है। थाने में सुनील व उनके भाई भगवती व अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ अभय नारायण राय ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील नायक को उन्हीं के गन्ने के खेत से गिरफ्तार किया है। उसके पास से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ है।