राठ हमीरपुर मार्ग में खडेई गेट के सामने पलटा पड़ा लोडर।
- फोटो : HAMIRPUR
गहरौली (हमीरपुर)। मजदूरों से भरा लोडर राठ-हमीरपुर मार्ग पर खड़ेही गेट के पास अनियंत्रित होकर सड़क में पलट गया। आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी मुस्करा में भर्ती कराया है। वहीं चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया।
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे महोबा जनपद के चरखारी थाने के बमोरी गांव निवासी 12 मजदूर रोजी रोटी के लिए लोडर से घाटमपुर के एक ईंट भट्टे में जा रहे थे। राठ मार्ग पर खड़ेही गेट के पास लोडर सड़क पर खड़े मवेशी से बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गया। वहां चीख पुकार मच गई। गुजर रहे गहरौली गोविंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बलराम सिंह राजपूत ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में राहगीरों की मदद से घायलों को लादकर सीएचसी मुस्करा ले गए। घटना में बमोरी निवासी शिखा (15), राजकुमारी (20), मनीष (12), देवी सिंह (14), सुरेंद्र कुमार (25) निवासी कबरई गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं धर्मपाल, अनीता व शिवानी के मामूली चोटें आईं हैं।