राठ। सिकंदरपुरा मोहल्ले में चार महीने पहले युवक की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। युवक का शव उसके घर में खूंटी पर बेल्ट के सहारे बंधा मिला था।
सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी कामता प्रसाद की पत्नी ऊषा रानी के मुताबिक वह परिवार सहित इटावा के ईंट भट्ठे पर मजदूरी करती है। उनका छोटा पुत्र रविंद्र (22) घर में रहता था। मोहल्ले में ही रहने वाले एक रिश्तेदार के परिवार की महिला का उनके छोटे पुत्र से विशेष लगाव था।
इसको लेकर परिवार के अन्य लोग रंजिश मानते थे। 17 जून को पति, बड़े पुत्र मंगल के साथ वह मजदूरी करने इटावा गईं थीं। 20 जून को रविंद्र को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा।
इस पर सभी लोग घर घर पहुंचे। घर के अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। अंदर खूंटी पर बेल्ट के सहारे रविंद्र का शव लटका था, फर्श पर खून पड़ा था। ऊषा रानी का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले उनके रिश्तेदारों ने पुत्र की हत्या कर शव खूंटी पर टांग दिया। आरोपियों ने उनके पति को बहलाकर आत्महत्या की तहरीर दिला दी। थाना के अलावा पुलिस के बड़े अधिकारियों को पत्र भेज पुत्र की हत्या की बात कही, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई।
इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हमीरपुर की अदालत प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया। कोर्ट के आदेश पर राममूर्ति, राजेंद्र, रविंद्र, धरमपाल व अज्जू के खिलाफ कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।