राठ। नगर पालिका ने गृह कर में दस गुना वृद्धि की है। वहीं अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याओं से नागरिक जूझ रहे हैं। युवा उद्योग व्यापार मंडल ने एसडीएम अशोक यादव को ज्ञापन सौंपकर नगर की समस्याओं के निस्तारण की मांग की है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल ने कहा नगर पालिका की ओर से बिना कोई सूचना दिए गृहकर में दस प्रतिशत की वृद्धि की गई है। जिससे नगर वासियों पर आर्थिक भार बढ़ा है। उन्होंने कहा छह माह से तैयार कोट बाजार की फुटकर सब्जी मंडी का आवंटन नहीं हो पाया है। जिससे सब्जी दुकानदार सड़क पर दुकानें लगाकर अतिक्रमण बढ़ा रहे हैं।
व्यापार मंडल युवा के नगर अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने कहा मुख्य कोट बाजार में अतिक्रमण से निकलना मुश्किल होता है। बाजार में घूमते सांड़ लोगों को घायल कर देते हैं। वहीं बुधवार की साप्ताहिक बंदी का भी पालन नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में उक्त समस्याओं के निदान की मांग की। इस अवसर पर प्रमोद बजाज, युवा नगर महामंत्री प्रमोद गुप्ता, कोषाध्यक्ष कमलेश साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष काशीप्रसाद गुप्ता, शिवशरण सोनी, अमरजीत सिंह अरोरा, राजेंद्र चौरसिया, अरूण सोनी, शिवकुमार सोनी आदि रहे।