कुरारा। जखेला गांव में पिछले दो माह से सफाई कर्मी की तैनाती नहीं है। सफाई व्यवस्था न होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई है। नालियों में कचरा भर जाने से गंदा पानी रास्तों में भर रहा है।
कीचड़युक्त रास्तों से लोगों का निकलना मुश्किल है। गांव निवासी रामकरण, सुरेंद्र वर्मा, बाल किशन आदि ने बताया सफाई कर्मी की तैनाती न होने से गंदगी फैली है। नालियां बजबजा रही हैं। प्रभारी बीडीओ पंचायत शिवनरेश वर्मा ने बताया दो दिन बाद सफाई कर्मियों को भेजकर गांव में सफाई कराई जाएगी। (संवाद)